बलरामपुर

मवेशी तस्करी के मुख्य आरोपी ने किया समर्पण
01-Aug-2026 9:41 PM
मवेशी तस्करी के मुख्य आरोपी ने किया समर्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज, 1 अगस्त। मवेशी तस्करी के मुख्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद सामरीपाठ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी झारखंड के लातेहार जिले का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सामरीपाठ में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

घटना 4 जून 2026 की है, जब ग्राम जोगीबांध निवासी नागेश्वर यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि डुमरपाठ (बरगद पेड़) के पास तीन व्यक्ति नौ मवेशियों (गाय, बैल एवं बछड़े) को बेरहमी से मारते-पीटते हुए झारखंड के ओरसापाठ होते हुए महुआडांड़ की ओर ले जा रहे थे। ग्रामीणों के पहुंचने पर एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों संजय सोनवानी एवं संजय कोरवा, निवासी अमटाही, थाना सामरीपाठ को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने फरार व्यक्ति की पहचान सद्दाम हुसैन झारखंड के रूप में की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 5 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।मुख्य आरोपी सद्दाम हुसैन की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई के दबाव में आरोपी ने 30 जुलाई को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट