बलरामपुर
500 से अधिक श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, 24 घंटे चल रही रसोई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 31 जुलाई। श्रावण मास में बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए रामानुजगंज एक बार फिर आस्था और सेवा का प्रमुख केंद्र बन गया है। नगर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में संचालित बाबा बैजनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति का निशुल्क सेवा केंद्र इन दिनों सैकड़ों श्रद्धालुओं के लिए विश्राम, भोजन और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री पहुंच रहे हैं, जबकि एक साथ 500 से अधिक श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। सेवा केंद्र की रसोई 24 घंटे संचालित रहती है, जहां यात्रियों के लिए लगातार भोजन तैयार किया जाता है।
कांवरिया सेवा समिति के संयोजक एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि रामानुजगंज वासियों के सहयोग से संचालित यह सेवा अभियान आज तीन राज्यों में चर्चा का विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह पूरे नगर के लिए गर्व की बात है कि यहां आने वाले हजारों कांवड़ यात्रियों की निस्वार्थ भाव से सेवा की जा रही है। नगरवासियों का सहयोग ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है और शिवभक्तों की सेवा करना हम सभी का सौभाग्य है। श्रद्धालुओं ने भी समिति के सेवा भाव और व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से सराहना की है।
ज्ञात हो कि समिति द्वारा यह सेवा कार्य कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इसी समर्पण का परिणाम है कि आज इसकी पहचान केवल रामानुजगंज या बलरामपुर-रामानुजगंज जिले तक सीमित नहीं रही, बल्कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के अनेक क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। तीनों राज्यों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु ऐसे भी हैं जो वर्षों से अपनी देवघर यात्रा के दौरान इसी सेवा केंद्र में ठहरते हैं और इसे अपनी यात्रा का अभिन्न हिस्सा मानते हैं।
समिति की बढ़ती प्रतिष्ठा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हरदी बाजार के वरिष्ठ अधिवक्ता लखन राठौर ने अपने क्षेत्र में समिति के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर लगवाए हैं। वहीं मध्य प्रदेश के बिजुरी में लेट लतीफ कांवरिया संघ द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर समिति के बैनर लगाए गए हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी रामानुजगंज की इस सेवा समिति के बैनर लगे हैं, जो पूरे नगर के लिए गौरव का विषय बन गया है।
सेवा केंद्र में श्रद्धालुओं के लिए केवल भोजन और विश्राम की ही व्यवस्था नहीं है, बल्कि भजन-कीर्तन, सामूहिक आरती और धार्मिक वातावरण उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा से भी भर देता है। यहां सेवा, श्रद्धा, भाईचारे और समर्पण का ऐसा वातावरण देखने को मिलता है, जिसमें नगर के विभिन्न वर्गों के लोग तन, मन और धन से अपना योगदान दे रहे हैं।