बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 29 जुलाई। जिले की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बुधवार को विकासखंड बलरामपुर के प्राथमिक शाला कोठीखाड़, तलैयापारा तथा विकासखंड वाड्रफनगर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बडक़ागांव एवं प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास इंजानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं बच्चों की शिक्षिका बनकर उनसे पाठ पढ़वाया, पहाड़े सुने, विषय आधारित प्रश्न पूछे और उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया।
प्राथमिक शाला कोठीखाड़ में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पाठ और पहाड़े सुनवाकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। कुछ बच्चों के संकोच करने पर उन्होंने शिक्षकों से कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करना भी है, ताकि वे बिना झिझक अपनी बात रख सकें।
तलैयापारा प्राथमिक शाला में उन्होंने विद्यार्थियों से गणवेश और पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता की जानकारी ली। बच्चों से पाठ पढ़वाने के साथ उन्होंने सुंदर और स्पष्ट लेखन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की स्वच्छता और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए भोजन में हरी सब्जियां नियमित रूप से शामिल करने के निर्देश भी दिए।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बडक़ागांव में कलेक्टर ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक आर्थिक क्षेत्रों से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी विषयगत समझ का परीक्षण किया। विद्यार्थियों की कॉपियों और पुस्तकों का अवलोकन करते हुए उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक अध्याय के बाद प्रश्नोत्तरी कर विद्यार्थियों का नियमित मूल्यांकन किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों की समझ बेहतर होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
छात्रावास में सुरक्षा, सुविधाओं और रचनात्मकता पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास इंजानी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, बिजली, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और छात्रावास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उन्हें बड़े सपने देखने और मेहनत से उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
छात्रावास में एक छात्र द्वारा कागज और अन्य उपयोगी सामग्री से तैयार किए गए आकर्षक होल्डर को देखकर कलेक्टर ने उसकी रचनात्मकता की सराहना की और कहा कि पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियां भी व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी हैं।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास के शयन कक्षों की खिड़कियों में जाली नहीं होने पर उन्होंने तत्काल जाली लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कमरों को और अधिक व्यवस्थित रखने तथा रसोई कक्ष में उपलब्ध सामग्रियों के बेहतर रख-रखाव के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।