बलरामपुर

भाजपा का समरसता संकल्प अभियान आज से, गुरु रविदास जयंती वर्ष पर होंगे विविध आयोजन
28-Jul-2026 8:17 PM
भाजपा का समरसता संकल्प अभियान आज से, गुरु रविदास जयंती वर्ष पर होंगे विविध आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 28 जुलाई। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी  ‘समरसता संकल्प अभियान ’ चलाया जाएगा। अभियान की जानकारी भाजपा के प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव ने राजपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।

प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव ने बताया कि अभियान का शुभारंभ आषाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई से होगा। इसके तहत काशी के सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से पवित्र मिट्टी से भरे कलश विभिन्न राज्यों, जिलों, मंडलों और गांवों तक पहुंचाए जाएंगे। भाजपा की टीम वाराणसी से कलश लेकर बुधवार को बलरामपुर जिले पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा की संध्या पर सभी मंदिरों में  ‘समरसता दीप महोत्सव ’ का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से श्री गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक  ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा ’ निकाली जाएगी।

शिवनाथ यादव ने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के संत हैं। उन्होंने समानता, सामाजिक समरसता और भेदभाव मुक्त समाज का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। प्रेसवार्ता में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट