बलरामपुर
बलरामपुर, 28 जुलाई। बढ़ती उम्र के कारण सुनने की क्षमता खो चुके दो बुजुर्गों के जीवन में जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल ने नई उम्मीद जगा दी। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर नगर पंचायत राजपुर निवासी सुमेश्वर एवं ग्राम डौरा निवासी शिवमंगल गुप्ता को त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया।
दोनों हितग्राहियों ने श्रवण यंत्र के लिए जिला प्रशासन से आवेदन किया था। आवेदन प्राप्त होते ही कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिसके बाद बिना किसी अनावश्यक विलंब के दोनों को सहायक उपकरण उपलब्ध करा दिया गया।
श्रवण यंत्र मिलने के बाद दोनों बुजुर्ग अब अपने परिवार के सदस्यों की बातें स्पष्ट रूप से सुन पा रहे हैं। उम्र के साथ कम होती सुनने की क्षमता के कारण उन्हें दैनिक जीवन, सामाजिक गतिविधियों और सामान्य संवाद में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस उपकरण की मदद से वे अपने परिवार, मित्रों और समाज से बेहतर संवाद स्थापित कर सकेंगे।
भावुक होकर दोनों हितग्राहियों ने कहा कि यह श्रवण यंत्र उनके लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि नई जिंदगी की शुरुआत है। उन्होंने कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली इस सहायता से उनकी जिंदगी पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुखद हो गई है।