बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 24 जुलाई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों को सुदृढ़ और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी लगातार ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर समूहों के कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने जनपद पंचायत वाड्रफनगर के विभिन्न गांवों का दौरा कर महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया तथा आय बढ़ाने और व्यवसाय विस्तार के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम अलका में संस्कार महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित तेल मिल का निरीक्षण किया। उन्होंने कच्चे माल की उपलब्धता, उत्पादन क्षमता तथा आय-व्यय की जानकारी लेते हुए समूह द्वारा उत्पादित तेल के बेहतर विपणन, फॉरवर्ड लिंकेज विकसित करने, बाजार से जुड़ाव बढ़ाने और सप्लाई चेन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने ग्राम मानपुर में एकता महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य ललिता द्वारा समूह से प्राप्त ऋण के माध्यम से संचालित किराना दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान दैनिक बिक्री, स्टॉक प्रबंधन और वार्षिक आय की जानकारी लेते हुए व्यवसाय का विस्तार, उत्पादों में विविधता, दुकान के जीर्णोद्धार तथा बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और व्यवसायों को स्थानीय बाजार तक सीमित न रखकर व्यापक बाजार और आधुनिक व्यावसायिक नेटवर्क से जोडऩे के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि समूहों की आय में वृद्धि हो और ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति अधिक सुदृढ़ बन सके।