बलरामपुर

शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का पैदल मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
23-Jul-2026 8:54 PM
शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का पैदल मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 23 जुलाई। शिक्षा व्यवस्था में कथित गंभीर अनियमितताओं, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पैदल मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च निकालकर बस स्टैंड होते हुए माता कर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा नीट पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा कर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग शामिल है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित सिंहदेव ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, इसलिए केंद्र सरकार को इस विषय पर गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने छात्रों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मौन श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर वीरेंद्र सिंहदेव, शराफत अली, सतेंद्र राय, रमेश जायसवाल, जगरोपण यादव, अजर राम चौधरी, इरशाद खान, गप्पू खान, भूपेंद्र जायसवाल, भूपेंद्र सिंह, भानु राजवाड़े, मकसूद हुसैन, इमरान हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट