बलरामपुर

अश्लील वीडियो भेजकर महिला को बदनाम करने वाला आरोपी बंदी
22-Jul-2026 9:50 PM
अश्लील वीडियो भेजकर महिला को बदनाम करने वाला आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर/शंकरगढ़, 22 जुलाई। महिला को अश्लील वीडियो भेजकर बदनाम करने, अभद्र संदेश भेजने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में शंकरगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बसेरा निवासी अजय वर्ष 2025 के जनवरी में शंकरगढ़ आकर पीडि़ता के घर में ड्राइवर के रूप में कार्य करता था। इसी दौरान उसकी पीडि़ता से बातचीत होती थी। करीब दो माह बाद 20 मार्च 2025 को वह अपने गांव लौट गया।

गांव लौटने के बाद आरोपी ने पीडि़ता के पति के मोबाइल पर फोन कर महिला के संबंध में आपत्तिजनक बातें करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर वह गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देता था। आरोप है कि आरोपी ने महिला के कपड़े बदलने का अश्लील वीडियो किसी तरह प्राप्त कर उसे मोबाइल के माध्यम से प्रसारित किया तथा आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया।

पीडि़ता की रिपोर्ट पर 9 अक्टूबर 2025 को शंकरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद आरोपी फरार था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके घर की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296, 351(2), 79 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 एवं 67(ए) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट