बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,19 जुलाई। बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उफिया के आश्रित ग्राम माकड़ का मुख्यालय से संपर्क टूटने की खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाय) के कार्यपालन अभियंता जी.एस. सिदार ने कोदो कुमनी नाला पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से चर्चा कर अस्थायी सडक़ निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया।
लगातार बारिश के कारण राजपुर-जिगड़ी-माकड़ मुख्य मार्ग पर स्थित कोदो कुमनी नाला उफान पर है। निर्माणाधीन पुल के चलते मार्ग पहले से बाधित था, वहीं रपटा बह जाने से करीब 500 ग्रामीणों का मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है। गांव में अधिकांश आबादी आदिवासी समुदाय, विशेषकर पहाड़ी कोरवा परिवारों की है, जिन्हें आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक जरूरतों के लिए गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण एजेंसी द्वारा खुदाई के बाद सडक़ पर मलबा और कीचड़ छोड़ दिया गया है, जिससे पैदल चलना और दोपहिया वाहनों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने सडक़ से मलबा हटाकर तथा ह्यूम पाइप के ऊपर मरम्मत कर अस्थायी मार्ग तैयार करने की मांग की, ताकि सामान्य जलस्तर के दौरान आवागमन बहाल हो सके।
उल्लेखनीय है कि जिगड़ी-माकड़ मार्ग पर कोदो कुमनी नाला में 80 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल के निर्माण के लिए 5.39 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग, अंबिकापुर द्वारा कराया जा रहा है, जिसे 31 जनवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना है। फिलहाल ग्रामीणों को प्रशासन से शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है।