बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,19 जुलाई। नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने और बाद में मामला कलेक्टर के संज्ञान में लाए जाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-343 किनारे लंबे समय से पड़े नाली निर्माण के मलबे को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। ।
पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका निवास वार्ड क्रमांक 07 में अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के किनारे स्थित है, जहां नाली निर्माण का मलबा पिछले चार माह से पड़ा हुआ था। इसके कारण उनके परिवार सहित स्थानीय नागरिकों और नगर पंचायत कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने बताया कि समस्या के समाधान के लिए 30 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत दर्ज होने के 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो मलबा हटाया गया और न ही शिकायत का संतोषजनक निराकरण हुआ।
इसके बाद पार्षद ने सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए मामले से बलरामपुर कलेक्टर को अवगत कराया। मामला संज्ञान में आने के बाद संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और अधूरे नाली निर्माण के दौरान पड़े मलबे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया।
पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने समस्या के समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई के लिए बलरामपुर कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष निर्माण कार्य भी जल्द पूरा कराया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को स्थायी राहत मिल सके।