बलरामपुर
कृषि मंत्री ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का उत्साह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 12 जुलाई। जनपद पंचायत बलरामपुर के तत्वावधान में ‘खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर’ थीम पर आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय महिला खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में कृषि मंत्री रामविचार नेताम रहे। साथ ही राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्ण गुप्ता, रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, जनपद उपाध्यक्ष बबली देवी, नगरपालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानुप्रकाश दीक्षित, जिला पंचायत सदस्य अनीता मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खेल शिक्षक एवं बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत 9 जुलाई को जनपद पंचायत सभा कक्ष में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं से हुई, जिसमें महिलाओं ने गायन, पारंपरिक नृत्य, भाषण, वाद-विवाद, रंगोली और मेहंदी जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं 11 जुलाई को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले रेस, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी और लंबी कूद जैसी प्रतियोगिताओं में सैकड़ों महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने महिला खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने इस पहल को महिलाओं को खेलों से जोडऩे और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढऩे का सशक्त मंच बताया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम ने महिलाओं से खेल को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज ने कहा कि यह प्रतियोगिता गांव की महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर अपनी प्रतिभा दिखाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं की रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होंगे।
उन्होंने भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाडिय़ों को प्रमाण-पत्र, शील्ड, मेडल एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक प्रतिभागी को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा वितरित किया गया तथा पौधारोपण एवं संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन और व्यवस्थाओं में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीपराज कांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।
इस आयोजन की विशेष पहल जनपद सदस्य अर्पणा दीक्षित के प्रस्ताव पर हुई, जिसे जनपद पंचायत की सामान्य सभा में सर्वसम्मति से पारित किया गया था। दो दिवसीय कार्यक्रम का ऊर्जावान मंच संचालन भी अर्पणा दीक्षित ने किया।