बलरामपुर
जिले की टॉप-5 मेरिट में तीन विद्यार्थियों ने बनाई जगह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री उत्कर्ष जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित हो गया है। पांच जुलाई को जिला मुख्यालय में आयोजित इस परीक्षा में जिले के 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले चौथी कक्षा के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। परिणाम में लक्ष्य शिक्षण संस्थान के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले की टॉप-5 मेरिट सूची में तीन स्थान हासिल किए।
योजना के तहत जिले से चयनित पांच मेधावी विद्यार्थियों को राज्य के उत्कृष्ट विद्यालय में कक्षा 6वीं से 12वीं तक नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इस वर्ष लक्ष्य शिक्षण संस्थान की छात्रा आरोही बेक (सेंट जेवियर स्कूल, राजपुर) ने 89 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। मिहिका टोप्पो (सेंट जेवियर स्कूल, राजपुर) ने 88 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि मयंक भगत (संत जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल, मानपुर) ने 71.75 अंक अर्जित कर जिले में पांचवां स्थान हासिल किया।
परिणाम घोषित होते ही लक्ष्य शिक्षण संस्थान में उत्साह का माहौल रहा। संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने सफल विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सुदर्शन यादव ने बताया कि इस प्रवेश परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और पर्यावरण विषयों की तैयारी करनी होती है। प्रत्येक विषय से 20-20 प्रश्न पूछे जाते हैं और परीक्षा 100 अंकों की होती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संस्थान से जवाहर नवोदय विद्यालय में 25, सैनिक स्कूल में 23, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 80 तथा भारतीय थल सेना अग्निवीर में 11 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वहीं, प्रयास आवासीय विद्यालय की मेरिट सूची अभी जारी होना शेष है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष संस्थान का 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम शत-प्रतिशत रहा तथा सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
इस अवसर पर देव कुमार यादव, सरिता देवी, विपिन कुमार, मनोज बेक, इंद्रजीत टोप्पो, मनीता पैकरा, काजल, रवि सहित संस्थान के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।