बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 10 जुलाई। राजपुर-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर बगाड़ी के पास शुक्रवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर भेजा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दबगड़ी निवासी अशरफी कुशवाहा (65) अपनी मोपेड (क्रमांक जेएच 14 जी 7768) से किराना सामान लेने राजपुर जा रहे थे। इसी दौरान सिंगचौरा निवासी अजय और राजेंद्र मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 30 सी 1861) से राजपुर से अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 12.30 बजे बगाड़ी के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि अशरफी कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार अजय और राजेंद्र घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर भेजा। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।