बलरामपुर

8 बैल बरामद, 2 तस्कर बंदी, पिकअप से झारखंड ले जा रहे थे
09-Jul-2026 9:27 PM
8 बैल बरामद,  2 तस्कर बंदी, पिकअप से झारखंड ले जा रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 9 जुलाई। राजपुर पुलिस ने मवेशी तस्करी में  झारखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ बैल बरामद किए हैं। पुलिस ने पिकअप भी जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को एक प्रार्थी ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम कमारी से लौटते समय परसापानी के पास पिकअप वाहन क्रमांक जेएच-01-एफएल-8856 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी कार को टक्कर मार दी। घटना के बाद वाहन की जांच करने पर उसमें आठ बैलों को अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरकर अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन एवं वाहन की तलाशी के दौरान पिकअप से आठ बैल बरामद कर जब्त किए गए। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बैलों को झारखंड ले जाने के उद्देश्य से परिवहन करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलतान अंसारी तथा नैयाज बख्श दोनों निवासी झारखंड के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125 एवं 3(5), पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(घ), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 112/183 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट