बलरामपुर

दो चोरी का खुलासा, 25 लाख के जेवर व दो स्कूटी बरामद
09-Jul-2026 9:26 PM
दो चोरी का खुलासा, 25 लाख के जेवर व दो स्कूटी बरामद

नाबालिग और सहयोगी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर/बलरामपुर, 9 जुलाई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कुसमी पुलिस ने लगातार हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक नाबालिग एवं उसके सहयोगीको गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो टीवीएस ज्यूपिटर स्कूटी, सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य सामान सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पहली घटना 19-20 जून की दरम्यानी रात तिवारी कॉलोनी की है, जहां तसिया एक्का के किराए के मकान की खिडक़ी की जाली उखाडक़र अज्ञात चोर घर में घुसा और स्कूटी (क्रमांक सीजी 14 एमक्यू 0463) चोरी कर फरार हो गया। इस संबंध में थाना कुसमी में अपराध दर्ज किया गया था।

दूसरी घटना 1-2 जुलाई की रात वार्ड क्रमांक 4, जशपुर रोड निवासी चंदन गुप्ता के घर में हुई। अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोडक़र सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एप्पल मोबाइल और घर के बाहर खड़ी स्कूटी चोरी कर ली। इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी तथा एसडीओपी कुसमी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने अंबिकापुर से एक विधि से संघर्षरत बालक और चोरी का सामान छिपाने में सहयोग करने वाले सुरेंद्र नगेशिया को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाएं स्वीकार कर लीं।  उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दोनों स्कूटी, सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य सामान सहित लगभग 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर लिया। दोनों को गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट