बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 9 जुलाई। बसंतपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से ले जाई जा रही तीन भैंसों को मुक्त कराया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 61 बीटी 8960 में तीन भैंसों को ठूंस-ठूंस कर भरकर उत्तरप्रदेश की ओर बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस ने थाना गेट के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तीन भैंसों को अमानवीय तरीके से भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके पर वाहन और पशुओं को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन यादव (20) निवासी मुरदीखुटान, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तथा साहिल कुमार (20) निवासी पहाड़पुर हलधर दौलतपुर, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1-घ) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।