बलरामपुर

जनदर्शन में अनोखी पहल: कलेक्टर, एसपी और डीएफओ ने लोगों को भेंट किए फलदार पौधे
07-Jul-2026 9:51 PM
जनदर्शन में अनोखी पहल: कलेक्टर, एसपी और डीएफओ ने लोगों को भेंट किए फलदार पौधे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 7 जुलाई। जिला प्रशासन ने जनदर्शन में एक सराहनीय पहल करते हुए आमजन को फलदार पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश दिया। जनदर्शन के समापन पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर एवं डीएफओ  आलोक बाजपेई ने जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों को अमरूद, कटहल सहित विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का भी संकल्प है।

जनदर्शन में पहुंचे लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए पौधों को घर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से हरित वातावरण को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।


अन्य पोस्ट