बलरामपुर

महाविद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने फिर उठी मांग
07-Jul-2026 9:49 PM
महाविद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने फिर उठी मांग

जनभागीदारी समिति अध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रामानुजगंज, 7 जुलाई। यहां के शासकीय लरंग साय अग्रणी महाविद्यालय, की भूमि पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग एक बार फिर जोर पकडऩे लगी है। महाविद्यालय जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद के पार्षद विकास गुप्ता ने इस संबंध में जिला कलेक्टर महोदया को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि महाविद्यालय की भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण बना हुआ है। इस संबंध में पूर्व में भी 3 दिसंबर 2025 को तत्कालीन कलेक्टर को विस्तृत आवेदन प्रस्तुत किया गया था, किंतु आज तक अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।

विकास गुप्ता ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि महाविद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कई बार तहसील प्रशासन एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से भी अनुरोध किया गया। इस बीच अतिक्रमणकारियों द्वारा विभिन्न स्तरों पर स्थगन (स्टे) प्राप्त होने का दावा किया गया, जबकि संबंधित प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है। ज्ञापन में यह भी बताया गया है कि महाविद्यालय में लगभग 2 करोड़ 91 लाख 22 हजार रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष भवन का निर्माण प्रस्तावित है। साथ ही क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं प्रदेश शासन के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम की घोषणा के अनुरूप महाविद्यालय में भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी प्रस्तावित है। किंतु भूमि पर अतिक्रमण बने रहने के कारण ये महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कलेक्टर महोदया से मांग की है कि समस्त दस्तावेजों का गंभीरता से परीक्षण कर महाविद्यालय की भूमि को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि महाविद्यालय का शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं आधारभूत विकास निर्बाध रूप से हो सके और विद्यार्थियों सहित पूरे क्षेत्र को इसका लाभ मिल सके।


अन्य पोस्ट