बलरामपुर

सुशासन तिहार में दो साल से लंबित मामला सुलझा, पीडि़त परिवार को मिले 4 लाख
05-Jul-2026 9:28 PM
सुशासन तिहार में दो साल से लंबित मामला सुलझा, पीडि़त परिवार को मिले 4 लाख

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज, 5 जुलाई। सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त एक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और जिला प्रशासन के समन्वय से वर्ष 2023 से लंबित पीडि़त क्षतिपूर्ति का मामला सुलझ गया। कलेक्टर की पहल पर मृतक के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये की राहत राशि स्वीकृत कराई गई।

जानकारी के अनुसार, कोटडीह (चौकी डवरा, थाना पस्ता) निवासी संजय कुमार ने सुशासन तिहार के माध्यम से आवेदन देकर बताया था कि उनके पिता गोपी राम की 23 मार्च 2023 को पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचनामा, मर्ग इंटीमेशन और पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज तहसील कार्यालय राजपुर में जमा करने के बावजूद उन्हें अब तक राहत राशि प्राप्त नहीं हुई थी।

आवेदन पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आते ही उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कलेक्टर से समन्वय स्थापित किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए मृतक के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये की राहत राशि स्वीकृत कराई गई।

राहत राशि स्वीकृत होने के बाद पीडि़त परिवार ने पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर और चौकी डवरा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। सुशासन तिहार के माध्यम से वर्षों से लंबित प्रकरण का निराकरण होने से आमजन में भी प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।


अन्य पोस्ट