बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 5 जुलाई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शनिवार को 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल रामानुजगंज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, ऑपरेशन थियेटर, प्रसव कक्ष तथा पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करते हुए मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि आपातकालीन सेवाओं में डॉक्टरों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के उपचार, ड्यूटी या स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निष्पादन तथा संक्रमण नियंत्रण के सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
प्रसव कक्ष का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने प्रतिमाह होने वाले प्रसवों की जानकारी ली और प्रसूति वार्ड को पूरी तरह स्वच्छ एवं संक्रमणमुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना की प्रक्रिया तेज करने के भी निर्देश दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों की माताओं से चर्चा कर कलेक्टर ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं वजन में हो रहे सुधार की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को माताओं को पौष्टिक आहार, स्वच्छ पेयजल, परिवार नियोजन तथा बच्चों की उचित देखभाल के संबंध में नियमित परामर्श देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भर्ती मरीजों एवं बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभिषेक गुप्ता, तहसीलदार मनोज पैकरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।