बलरामपुर

11 केवी बिजली तार से दहशत में परिवार, कलेक्टर और विद्युत विभाग से सुरक्षा की गुहार
05-Jul-2026 9:26 PM
11 केवी बिजली तार से दहशत में परिवार, कलेक्टर और विद्युत विभाग से सुरक्षा की गुहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 5 जुलाई। ग्राम भवरमाल (कॉलोनीपारा) की रहने वाली सविता गुप्ता ने अपने मकान के ऊपर से गुजर रहे 11 केवी विद्युत लाइन को लेकर गंभीर खतरे की आशंका जताई है। उन्होंने कलेक्टर और विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को आवेदन सौंपकर तार को तत्काल हटाकर सडक़ किनारे स्थानांतरित कराने की मांग की है।

आवेदन में बताया गया है कि उनके स्वामित्व वाली भूमि पर बना मकान 11 केवी बिजली लाइन के नीचे स्थित है। आरोप है कि लाइन की स्थिति जर्जर हो चुकी है और तार टूटकर घर के मुख्य दरवाजे के पास झूल रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

सविता गुप्ता ने बताया कि उनके पति घर से बाहर रहते हैं और वह छोटे-छोटे बच्चों के साथ अकेली रहती हैं। बिजली तार से खतरे के कारण उन्हें अपना घर छोडक़र किराये के मकान में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी लाइन को हटाकर सडक़ किनारे शिफ्ट किया जाए, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

फिलहाल इस मामले में विद्युत विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


अन्य पोस्ट