बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 4 जुलाई। घरेलू विवाद के चलते पत्नी के किराये के मकान में आग लगाकर करीब एक लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलाने वाले आरोपी पति को बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, भनौरा निवासी जय जान केरकेट्टा (38) के खिलाफ बीएनएस की धारा 326(ग), 296 एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीडि़ता प्रभा एक्का ने थाना बलरामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि घरेलू विवाद के दौरान उसके पति ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और किराये के मकान में रखे घरेलू सामान में माचिस से आग लगा दी। घटना के बाद 29 जून को पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध कायम किया। आगजनी की इस घटना में पलंग, गद्दा, दीवान, आलमारी, फ्रिज, कूलर तथा कपड़े सहित करीब एक लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस ने आरोपी को 3 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।