बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 3 जुलाई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिला अस्पताल में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष यूडीआईडी कैंप का आयोजन किया गया।
कैंप में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे 57 दिव्यांग बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय मूल्यांकन किया गया। परीक्षण के उपरांत पात्र बच्चों के नियमानुसार दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं दिव्यांग बच्चों का विशिष्ट पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड) जारी किए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि प्रत्येक पात्र बच्चे का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण परीक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि यूडीआईडी कार्ड दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज है, जिससे सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और अधिक सरल एवं सुगम हो जाती है।