बलरामपुर

रिंग रोड बदहाल, ट्रकों की आवाजाही बंद
02-Jul-2026 10:30 PM
 रिंग रोड बदहाल, ट्रकों की आवाजाही बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

वाड्रफनगर/बलरामपुर,2 जुलाई। नगर पंचायत वाड्रफनगर में भारी वाहनों की आवाजाही को नगर क्षेत्र से बाहर करने और सडक़ दुर्घटनाओं की समस्या कम करने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित रिंग रोड निर्माण के कुछ ही समय बाद बदहाल हो गया है। सडक़ की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि प्रशासन को बैरिकेडिंग लगाकर ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, लगभग सात वर्ष पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में वाड्रफनगर नगरवासियों को भारी वाहनों से होने वाली परेशानी और लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं से राहत दिलाने के लिए रिंग रोड परियोजना को मंजूरी दी गई थी। करोड़ों रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य लंबे समय तक धीमी गति से चलता रहा। निर्माण पूर्ण होने के बाद जब सडक़ पर ट्रकों का आवागमन शुरू हुआ तो कुछ ही समय में सडक़ कई स्थानों पर टूटने लगी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रारंभिक क्षति के बाद सडक़ की मरम्मत भी कराई गई, लेकिन इसके बावजूद सडक़ की हालत लगातार बिगड़ती गई। वर्तमान में कई स्थानों पर सडक़ उखड़ चुकी है, बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और मार्ग पूरी तरह जर्जर दिखाई दे रहा है। स्थिति को देखते हुए सडक़ पर बैरिकेड और बांस-बल्लियां लगाकर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है।

नगरवासियों का कहना है कि रिंग रोड बंद होने के कारण भारी वाहन फिर से नगर क्षेत्र से गुजरने लगे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और लोगों को पहले जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि सडक़ निर्माण कार्य का ठेका अंबिकापुर की एक निर्माण एजेंसी को दिया गया था तथा कार्य का क्रियान्वयन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराया गया। नगरवासियों ने सडक़ निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा रिंग रोड की गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत की मांग की है।


अन्य पोस्ट