बलरामपुर

यादव महासभा की बैठक में शिक्षा, सामाजिक एकता और नशा मुक्ति पर जोर
02-Jul-2026 10:29 PM
यादव महासभा की बैठक में शिक्षा, सामाजिक एकता और नशा मुक्ति पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 2 जुलाई। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की बैठक शंकरगढ़ विकासखंड स्थित चिरंजीलाल अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक में समाज में शिक्षा, सामाजिक एकता, नशा मुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन और भाईचारे को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि महासभा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष देवधारी राम यादव थे। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार यादव एवं राजेश कुमार यादव, संभागीय अध्यक्ष परमानंद यादव तथा कोरिया जिलाध्यक्ष सुशील यादव शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बलरामपुर जिलाध्यक्ष व्यासमुनि यादव ने की।

बैठक में सर्वसम्मति से शंकरगढ़ निवासी हीरालाल यादव को प्रदेश महासचिव, ध्रुव कुमार यादव को बलरामपुर जिला उपाध्यक्ष तथा जयलाल यादव को रामचंद्रपुर युवा ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का समाज के लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर समाज के संरक्षक राम बिहारी यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामधार यादव, संभागीय महामंत्री रामकृपाल यादव, शंकरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष घुरवा राम यादव, बलरामपुर अध्यक्ष सुनेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान

प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने बताया कि बलरामपुर जिले के सभी विकासखंडों में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रावीण्य सूची में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का यादव महासभा द्वारा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।


अन्य पोस्ट