बलरामपुर

हुडहुड नाले में मिली 10 दिन पुरानी महिला की लाश
27-Jun-2026 9:59 PM
हुडहुड नाले में मिली 10 दिन पुरानी महिला की लाश

गुमशुदगी की रिपोर्ट से हुई पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,27 जून। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुप्पी के हुडहुड नाला में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूनसान इलाके में मिले शव की स्थिति देखकर प्रारंभिक तौर पर अनुमान लगाया गया कि महिला की मौत करीब 10 दिन पहले हुई थी।

राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि ग्राम दुप्पी के सरपंच से सूचना मिली थी कि नाले के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिससे आशंका है कि मौत के बाद किसी जंगली जानवर ने शव को नुकसान पहुंचाया। शव अधिक पुराना होने के कारण मौके पर मौत के कारणों का पता नहीं चल सका। फॉरेंसिक टीम की सलाह पर शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मृतका की उम्र लगभग 25 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

प्रारंभ में शव की शिनाख्त नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों और चौकियों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया। जांच के दौरान पता चला कि 17 जून को खडग़वां चौकी में एक महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। हुलिए का मिलान होने पर पुलिस ने पम्पापुर, खडग़वां निवासी थवल प्रसाद गोंड़ को मौके पर बुलाया। उन्होंने शव पर मौजूद ब्लाउज और पेटीकोट के आधार पर मृतका की पहचान अपनी पत्नी सुनीता के रूप में की।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट