बलरामपुर
कमरे में बिस्तर पर मिला शव, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 27 जून। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना में पदस्थ आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। आरक्षक का शव शनिवार सुबह थाना परिसर के ऊपर स्थित आवासीय कमरे में बिस्तर पर मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भफौली निवासी आरक्षक जुगन साय पैकरा (आरक्षक क्रमांक-56), पिता करम साय पैकरा, शुक्रवार को रोज की तरह ड्यूटी पूरी करने के बाद थाना भवन के ऊपर स्थित अपने कमरे में सोने चले गए। रात करीब चार बजे उन्होंने साथी वाहन चालक आरक्षक दिलीप यादव को फोन कर पीने के लिए पानी मंगाया। पानी देने के बाद दिलीप यादव वापस लौट गए।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे तक जब जुगन साय पैकरा कमरे से बाहर नहीं निकले तो प्रधान आरक्षक अनिल पैकरा उन्हें बुलाने पहुंचे। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह कमरे के अंदर गए, जहां आरक्षक बिस्तर पर पड़े मिले। उन्हें उठाने का प्रयास किया गया तो उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था। इसकी सूचना तत्काल थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि आरक्षक जुगन साय पैकरा सितंबर 2024 से राजपुर थाना में पदस्थ थे। वह पिछले कुछ दिनों से बुखार और पीलिया से पीडि़त थे तथा उनका उपचार चल रहा था। हालांकि उनकी मौत किन कारणों से हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। आरक्षक की अचानक हुई मौत से उनके परिजनों के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी गहरा शोक व्याप्त है।