बलरामपुर
कुन्दीकला के सीएससी संचालकों पर आरोप, कई महिलाओं के नाम पर दर्ज मिली यूरिया निकासी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 26 जून। बलरामपुर जिला के विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत कुन्दीकला में संचालित एक सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के संचालकों पर महिलाओं के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक (अंगूठे) का कथित दुरुपयोग कर उनकी जानकारी एवं अनुमति के बिना खाद (यूरिया) आहरित करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने थाना राजपुर और एसडीएम राजपुर को बलरामपुर कलेक्टर के नाम शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुन्दीकला निवासी विनोद कुमार सांडिल्य और दीपक कुमार सांडिल्य, जो गांव में सीएससी सेंटर का संचालन करते हैं, ने महतारी वंदन योजना के लिए केवाईसी कराने के नाम पर कई महिलाओं से बायोमेट्रिक सत्यापन कराया और आधार कार्ड की जानकारी ली। बाद में संबंधित महिलाओं को पता चला कि उनके नाम पर विभागीय रिकॉर्ड में खाद (यूरिया) का वितरण दर्ज हो चुका है, जबकि उन्होंने स्वयं कभी खाद प्राप्त नहीं किया।
ग्रामीणों के अनुसार प्रभावित हितग्राहियों में कई विधवा महिलाएं भी शामिल हैं, जो खेती-किसानी के जरिए अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि ग्राम पंचायत की महिला सरपंच का नाम भी प्रभावित महिलाओं की सूची में शामिल है।
खाद लेने पहुंचे तो रिकॉर्ड में पहले ही दिखी निकासी
ग्रामीणों ने बताया कि जब वे खाद लेने पहुंचे तो विक्रेताओं ने खाद देने से इनकार कर दिया। कारण पूछने पर पता चला कि विभागीय रिकॉर्ड में उनके नाम से पहले ही खाद वितरण दर्ज किया जा चुका है। इससे खरीफ सीजन के दौरान किसानों के सामने खाद संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
ग्राम सभा में उठाया मामला
शिकायत के अनुसार 24 जून को आयोजित ग्राम सभा में दोनों आरोपितों को बुलाया गया था। ग्रामीणों का दावा है कि बैठक के दौरान केवाईसी के नाम पर खाद निकाले जाने की बात स्वीकार की गई तथा प्रभावित लोगों को खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि इसके लिए प्रति बोरी यूरिया की कीमत 600 रुपये बताई गई, जो शासन द्वारा निर्धारित दर से काफी अधिक है।
ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में राजपुर तहसीलदार कावेरी मुखर्जी ने बताया कि ग्राम कुन्दीकला की महिलाओं द्वारा महतारी वंदन योजना के केवाईसी के नाम पर चॉइस सेंटर संचालकों द्वारा उनके नाम से खाद निकाले जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।