बलरामपुर

जिलेभर में गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश, हजारों ने किया योगाभ्यास
21-Jun-2026 9:54 PM
 जिलेभर में गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश, हजारों ने किया योगाभ्यास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बलरामपुर जिले में उत्साह और उल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के हाई स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम में जिले की प्रभारी एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने सहभागिता कर योग के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ के अनुरूप प्रशिक्षकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, मकरासन सहित विभिन्न योगासनों तथा भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन की दिशा प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने उपस्थित लोगों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया। साथ ही स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर के विद्यार्थियों से संवाद कर अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।

कार्यक्रम के पश्चात एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत हाई स्कूल मैदान परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर हरित एवं स्वच्छ बलरामपुर के निर्माण का संकल्प लिया।

वहीं कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए कहा कि योग और नशामुक्त जीवनशैली स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर योग को अपनाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने की अपील की।

जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नियमित योग करने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट