बलरामपुर
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, ठेकेदार को नियमित पानी छिडक़ाव के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 21 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से परेशान ग्राम झींगों के ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो चक्काजाम की स्थिति निर्मित हो सकती है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत झींगों में एनएच-343 का निर्माण कार्य जारी है। सडक़ पर स्टोन डस्ट और गिट्टी बिछाए जाने के बाद नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव नहीं किया जा रहा है, जिससे भारी मात्रा में धूल उड़ रही है। इससे लोगों को आंखों में जलन, सांस संबंधी परेशानी और विशेष रूप से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। धूल के कारण लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित ठेकेदार को कई बार मौखिक रूप से पानी का नियमित छिडक़ाव करने के लिए कहा गया, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई। इससे पूरे गांव के लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने एसडीएम देवेंद्र प्रधान से मांग की है कि ठेकेदार को नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि ग्रामीणों को धूल की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और चक्काजाम किया जा सकता है।इस मामले में एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित ठेकेदार से दूरभाष पर चर्चा कर सडक़ पर नियमित पानी छिडक़ाव कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।