बलरामपुर

दो साल से बंद पड़ी 30 लाख की खून जांच मशीन, पूर्व पार्षद ने सौंपा ज्ञापन
20-Jun-2026 10:23 PM
दो साल से बंद पड़ी 30 लाख की खून जांच मशीन, पूर्व पार्षद ने सौंपा ज्ञापन

राजपुर, 20 जून। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में पिछले लगभग दो वर्षों से खराब पड़ी फुली ऑटोमैटिक एनालाइजर ब्लड टेस्ट मशीन को चालू कराने की मांग को लेकर पूर्व पार्षद सुनील गुप्ता ने खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि अस्पताल में स्थापित लगभग 30 लाख रुपये कीमत की अत्याधुनिक फुली ऑटोमैटिक एनालाइजर मशीन खराब होने के कारण मरीजों को ब्लड टेस्ट, सीरम टेस्ट और यूरिन टेस्ट जैसी आवश्यक जांचों की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसके चलते मरीजों को जांच कराने के लिए निजी अस्पतालों या अंबिकापुर का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व पार्षद सुनील गुप्ता ने कहा कि यह मशीन मरीजों की विभिन्न जांचों की सटीक और प्रमाणिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मशीन के लंबे समय से बंद रहने से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने बीएमओ से मांग की है कि खराब पड़ी मशीन की तत्काल मरम्मत कराई जाए अथवा उसके स्थान पर नई मशीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में ही बेहतर जांच और उपचार की सुविधा मिल सके। पूर्व पार्षद ने कहा कि मशीन चालू होने से मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेगा तथा उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों में भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।


अन्य पोस्ट