बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 17 जून। धान विक्रय की बकाया राशि के भुगतान और कथित फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मामलों के निराकरण की मांग को लेकर बुधवार से पीडि़त किसानों एवं किसान समाज के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया। धरना जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर शाखा रामानुजगंज के सामने दिया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
धरना दे रहे किसानों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025-26 में धान विक्रय करने के बावजूद अब तक उन्हें पूरी भुगतान राशि प्राप्त नहीं हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि भुगतान में हो रही देरी से खेती-किसानी और पारिवारिक जरूरतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इसके अलावा किसानों ने उनके नाम पर दर्ज कथित फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मामलों को लेकर भी चिंता जताई। किसानों का कहना है कि ऐसे मामलों से कई लोग मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने इन प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
धरनास्थल पर किसानों ने शासन और प्रशासन से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक धान की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता और फर्जी केसीसी मामलों का निराकरण नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों की प्रमुख मांगों में वर्ष 2025-26 के धान विक्रय की लंबित राशि का भुगतान, फर्जी केसीसी मामलों की जांच एवं समाप्ति तथा पीडि़त किसानों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शामिल है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


