बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज,13 जून। थाना सामरीपाठ पुलिस ने पत्नी की हत्या में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, अपराध के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी अर्जन राम उर्फ टॉवर नगेसिया ग्राम लक्ष्मणपुर, थाना सामरीपाठ, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जून को सुगदू बिरिजिया की सूचना पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि घटना के एक दिन पूर्व आरोपी और उसकी पत्नी अलग-अलग टाटीझरिया साप्ताहिक बाजार गए थे। लौटते समय कुछ लोगों ने आरोपी को बताया कि उसकी पत्नी एक अन्य व्यक्ति के साथ पेड़ के नीचे सो रही है। इस पर आरोपी वहां पहुंचा और पत्नी को देखकर चरित्र शंका के चलते उसके साथ हाथ-मुक्के, लात और डंडे से मारपीट कर दी।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल पत्नी की 11 जून को मृत्यु हो गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल और शव का निरीक्षण कराया गया तथा पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पत्नी के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 13 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना नियमानुसार आगे जारी है।


