बलरामपुर

खरीफ सीजन से पहले खाद की पर्याप्त उपलब्धता की मांग, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
03-Jun-2026 8:08 PM
खरीफ सीजन से पहले खाद की पर्याप्त उपलब्धता की मांग, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 3 जून। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारु वितरण सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर बलरामपुर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया है कि मानसून के आगमन के साथ धान सहित खरीफ फसलों की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस दौरान किसानों को यूरिया, डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की आवश्यकता बढ़ जाती है। पूर्व वर्षों में खाद की कमी, अनियमित आपूर्ति तथा वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था, जिससे कृषि कार्य भी प्रभावित हुए थे।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि जिले की सभी सहकारी समितियों एवं खाद वितरण केंद्रों में यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों के पंजीकृत रकबे के अनुसार खाद का वितरण किया जाए, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक उर्वरक उपलब्ध हो सके।

ज्ञापन में खाद की कालाबाजारी एवं कृत्रिम कमी पर प्रभावी रोक लगाने, वितरण केंद्रों में अतिरिक्त काउंटर और आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने तथा खाद वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गईं तो किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और खेती-किसानी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से किसानों के हित में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इस अवसर पर रामनरायण जायसवाल, बृजेश मिश्रा, सुरेश यादव, कौशल चौबे, पंकज ठाकुर, संजय यादव, रामनाथ राम, कृष्ण जायसवाल एवं विक्रम यादव सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित  थे।


अन्य पोस्ट