बलरामपुर

स्टाफ नर्स को बिना ड्यूटी वेतन भुगतान का आरोप, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
03-Jun-2026 8:05 PM
स्टाफ नर्स को बिना ड्यूटी वेतन भुगतान का आरोप, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग

राजपुर, 3 जून। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रेवतपुर में पदस्थ एक स्टाफ नर्स को कथित रूप से बिना नियमित ड्यूटी किए वेतन भुगतान किए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर बलरामपुर से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं ने आवेदन सौंपकर वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई है। इधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ. रमेश जायसवाल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित कर्मचारी को केवल कार्य किए गए दिनों का ही भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायत जांच का विषय है और जांच में सभी तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे।

कलेक्टर को दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि जीवन दीप समिति के माध्यम से 1 जनवरी 2025 को नियुक्त स्टाफ नर्स विभारानी भगत प्रारंभिक अवधि में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रेवतपुर में कार्यरत थीं, लेकिन जून 2025 से वे बिलासपुर में रहकर पीएससी एवं यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित रूप से वेतन और अन्य वित्तीय लाभ दिए जाने का आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि रेवतपुर और बिलासपुर के बीच लगभग 300 किलोमीटर की दूरी है, ऐसे में दोनों स्थानों पर एक साथ उपस्थित रहकर कार्य करना संभव नहीं है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डॉ. रमेश जायसवाल द्वारा बिना कार्य किए ही संबंधित कर्मचारी का वेतन जारी किया जा रहा है, जिससे वित्तीय अनियमितता की आशंका उत्पन्न होती है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जीवन दीप समिति के अंतर्गत नियुक्तियों में स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दिए जाने का प्रावधान है, जबकि संबंधित कर्मचारी दूसरे विकासखंड की निवासी बताई गई हैं। शिकायतकर्ताओं ने मामले में निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच अवधि के दौरान संबंधित अभिलेखों, बैंक खातों, कैशबुक, उपस्थिति पंजी एवं समिति के प्रस्ताव रजिस्टर को सुरक्षित रखने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मामले की जानकारी पूर्व में विभागीय अधिकारियों को भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट