बलरामपुर

तहसीलदारों की हड़ताल से राजस्व कार्य प्रभावित, आम जनता को हो रही परेशानी
02-Jun-2026 8:19 PM
तहसीलदारों की हड़ताल से राजस्व कार्य प्रभावित, आम जनता को हो रही  परेशानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 2 जून। प्रदेशभर में चल रही राजस्व विभाग की हड़ताल का असर बलरामपुर जिले में भी साफ दिखाई दे रहा है। तहसील कार्यालयों में कामकाज लगभग ठप हो गया है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भूमि संबंधी प्रकरण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जाति-निवास एवं आय प्रमाण पत्र सहित कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद के बाद कनिष्ठ राज्य सेवा संघ, राजस्व कर्मचारी संघ, राजस्व निरीक्षक संघ तथा पटवारी संघ ने सोमवार से प्रदेशव्यापी कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

हड़ताल के चलते तहसीलदारों के साथ-साथ कई कार्यालयीन कर्मचारी एवं रीडर भी कार्य से दूर हैं, जिससे राजस्व न्यायालयों में सुनवाई प्रभावित हो रही है। पेशी के लिए दूर-दराज गांवों से पहुंच रहे पक्षकार बिना सुनवाई के निराश होकर वापस लौट रहे हैं। कई लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

राजस्व विभाग के ठप पडऩे से शासन की विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों का कहना है कि पहले से तय कार्य नहीं हो पा रहे हैं और समय व धन दोनों की हानि हो रही है। वहीं प्रशासनिक हलकों में इस पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।


अन्य पोस्ट