बलरामपुर

खेत के कुएं में गिरने से बालिका की मौत
02-Jun-2026 8:17 PM
खेत के कुएं में गिरने से बालिका की मौत

बकरी चराने गई थी, खेलते हुआ हादसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता-

राजपुर, 2 जून। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोडऱो में एक हादसे में पांच वर्षीय बालिका की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों सहित पूरे गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार ग्राम खोडऱो निवासी शिवमंगल की पांच वर्षीय पुत्री आरोही घर के समीप खेत में अन्य बच्चों के साथ बकरी चराने गई थी। इसी दौरान वह अपने साथ मौजूद दो बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते वह खेत में स्थित एक खुले कुएं के पास पहुंच गई और अचानक संतुलन बिगडऩे से कुएं में जा गिरी।

घटना के बाद उसके साथ खेल रहे बच्चे घबराकर रोने और चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर पास ही अपने घर में कार्य कर रहे एक ग्रामीण मौके पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर उसे बालिका के कुएं में गिरने की जानकारी हुई। ग्रामीण ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी।

सूचना मिलते ही बालिका के पिता और अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तथा कुएं में उतरकर उसे बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि जिस खेत में यह हादसा हुआ, वहां स्थित कुएं के चारों ओर सुरक्षा के लिए जगत या घेराबंदी नहीं थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

घटना की सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मासूम बच्ची की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने खुले और असुरक्षित कुओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


अन्य पोस्ट