बलरामपुर
छत्तीसगढ़ कोटे का अवैध लाभ लेकर केंद्रीय पुलिस बलों में भर्ती का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 29 मई। कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर छत्तीसगढ़ राज्य का निवास प्रमाण पत्र बनवाकर केंद्रीय पुलिस बलों में भर्ती कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल को तहसीलदार बलरामपुर की ओर से थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि 204 कोबरा बटालियन सीआरपीएफ में पदस्थ कांस्टेबल सुमित ने विशाल सोनी के शैक्षणिक दस्तावेजों में कूटरचना कर अपने नाम से छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनवाया और उसका उपयोग केंद्रीय भर्ती में राज्य कोटे का लाभ लेने के लिए किया।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सुमित अचल सिंह निवासी धौलपुर, राजस्थान समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। 14 मई को पुलिस ने आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया।
जांच आगे बढऩे पर पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। मामले के मुख्य आरोपी विवेक सिंह तोमर निवासी मुरैना, मध्यप्रदेश तथा उसके सहयोगी आकाश सिंह को रायपुर से हिरासत में लेकर 23 मई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि विवेक सिंह तोमर ने स्वयं भी डोंगरगढ़ से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर छत्तीसगढ़ का निवास प्रमाण पत्र बनवाया था।
वहीं सहआरोपी आकाश सिंह ने अपना नाम बदलकर ‘तुकेश्वर’ के नाम से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षणिक दस्तावेज तैयार कर बलरामपुर तहसील से निवास प्रमाण पत्र हासिल किया था।
पुलिस के मुताबिक गिरोह ऑनलाइन ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से दस्तावेजों में एडिटिंग कर फर्जी आवेदन जमा करता था। मामले में राजनांदगांव निवासी ओमप्रकाश चंद्रवंशी को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कंप्यूटर सिस्टम जब्त किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रति व्यक्ति 4 से 5 हजार रुपये लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे, जबकि मुख्य आरोपी विवेक सिंह तोमर एक फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाने के एवज में 3 से 4 लाख रुपये तक वसूलता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि केंद्रीय पुलिस बलों में छत्तीसगढ़ राज्य का कटऑफ अन्य राज्यों की तुलना में कम होने के कारण बाहरी राज्यों के अभ्यर्थी फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवाकर भर्ती का अवैध लाभ ले रहे थे। जांच के दौरान डोंगरगढ़ तहसील कार्यालय से जारी 20 से 25 संदिग्ध निवास प्रमाण पत्रों की जानकारी भी मिली है, जिनका उपयोग कर कई गैर-निवासी अभ्यर्थी सीआरपीएफ, सीआईएसएफ और एसएसबी में भर्ती हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही संबंधित केंद्रीय सुरक्षा बलों को पत्राचार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।