बलरामपुर

सडक़ किनारे मिला सड़ा चना, गरीबों के राशन में गड़बड़ी की आशंका
29-May-2026 11:10 PM
सडक़ किनारे मिला सड़ा चना, गरीबों के राशन में गड़बड़ी की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 29 मई। रामचंद्रपुर-रामानुजगंज सनावल मुख्य मार्ग पर सडक़ किनारे भारी मात्रा में सड़ा हुआ चना मिलने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह वही चना है, जिसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब परिवारों में बांटा जाना था। मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार नीलकंठपुर मोड़ से दक्षिण दिशा में करीब 300 मीटर दूर सडक़ किनारे बड़ी मात्रा में चना बिखरा पड़ा मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों की लापरवाही अथवा मिलीभगत के कारण गरीबों के हिस्से का राशन खुलेआम फेंक दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन गरीब परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन उसी राशन का इस तरह बर्बाद होना बेहद शर्मनाक है। ग्रामीणों के अनुसार चना पहले गोदाम तक पहुंचा, लेकिन समय पर वितरण नहीं होने के कारण वह खराब होने लगा। इसके बाद लापरवाही छिपाने के लिए उसे सडक़ किनारे फेंकवा दिया गया।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि चना परिवहन के दौरान फेंका गया या फिर उचित मूल्य दुकान तक पहुंचने से पहले ही गरीबों के हिस्से का राशन गायब कर दिया गया। लोगों ने खाद्य विभाग, परिवहनकर्ता और राशन दुकान संचालकों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि यह पता लगाया जाए कि चना किस गोदाम या उचित मूल्य दुकान का था और किन परिस्थितियों में उसे सडक़ किनारे फेंका गया।

साथ ही दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

इस संबंध में छबीला पैकरा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह चना सार्वजनिक वितरण प्रणाली का पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।-


अन्य पोस्ट