बलरामपुर
दीपों की रोशनी से जगमगाया सरोवर, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की कामना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 27 मई। बलरामपुर जिले के राजपुर नगर में गंगा दशहरा के अवसर पर साप्ताहिक बाजार स्थल के समीप स्थित माँ महामाया गंगा दशहरा सरोवर में भव्य गंगा आरती एवं दीपदान का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
संध्या 7 बजे शुरू हुए आयोजन में श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन-अर्चना कर माँ गंगा का स्मरण किया तथा दीपदान कर परिवार और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। सरोवर परिसर को दीपों की रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आकर्षक नजर आया। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।
गंगा आरती माँ महामाया मंदिर के पुजारी राघवेंद्र पांडे एवं पुजारी विराट महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई। आरती के दौरान ‘हर हर गंगे’ और ‘जय माँ गंगे’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विश्वास गुप्ता एवं नगरवासियों के सहयोग से किया गया। हालांकि कुछ स्थानों पर लाइट खराब होने से अंधेरा रहा, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और दीपों की रोशनी में कार्यक्रम जारी रहा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष जय गोपाल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर युवा एवं महिला सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


