बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 23 मई। देशभर में लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की खपत का असर अब बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी दिखाई देने लगा है। क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों में ईंधन की उपलब्धता को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के कारण लोगों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
जानकारों के अनुसार लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या और अनावश्यक उपयोग पेट्रोल-डीजल की खपत बढऩे का बड़ा कारण बन रहा है। पहले जहां एक परिवार में एक वाहन हुआ करता था, वहीं अब अधिकांश घरों में दो से तीन वाहन सामान्य बात हो गई है। छोटी-छोटी दूरी के लिए भी वाहन उपयोग किए जाने से ईंधन की मांग तेजी से बढ़ रही है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पेट्रोल पंपों में भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में पेट्रोल एवं डीजल का वितरण कराया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी लोगों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से ईंधन उपलब्ध हो सके तथा किसी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में लंबी लाइन में लगने के बाद ही सीमित मात्रा में पेट्रोल और डीजल मिल पा रहा है।
लोगों ने आशंका जताई कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। कई लोग इस स्थिति को लेकर चिंतित और परेशान नजर आए।


