बलरामपुर

अवैध रेत खनन-परिवहन, चैन माउंटेड मशीन सील, अवैध ईंट परिवहन करते ट्रक जब्त
23-May-2026 10:58 PM
अवैध रेत खनन-परिवहन, चैन माउंटेड मशीन सील, अवैध ईंट परिवहन करते ट्रक जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 23 मई। खनिज विभाग  ने अवैध रेत उत्खनन में लगी चैन माउंटेड मशीन सील की और अवैध ईंट परिवहन करते ट्रक जब्त किया।

 खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ग्राम पंचायत पचावल स्थित रेत खदान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच की गई, जिसमें एक चेन माउंटेड मशीन को नियम विरुद्ध रेत उत्खनन कार्य में संलिप्त पाया गया। खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए पांगन नदी किनारे ही मशीन को सील कर दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार उत्खनन पट्टा की शर्तों के उल्लंघन के चलते यह कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अवैध रूप से ईंट परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रक वाहन को भी जब्त किया गया। जब्त वाहन को सनावल थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट