बलरामपुर

विशेष शिविर आयोजित, पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिला योजनाओं का लाभ
23-May-2026 10:57 PM
विशेष शिविर आयोजित, पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिला योजनाओं का लाभ

राजपुर, 23 मई। जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत लाऊ में ‘जन भागीदारी सबसे दूर सबसे पहले’ अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार एवं बलरामपुर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर में ग्राम पंचायत लाऊ, सेवारी, भदार एवं बैढ़ी के विशेष पिछड़ी जनजातीय पहाड़ी कोरवा परिवारों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवेंद्र प्रधान, तहसीलदार कावेरी मुखर्जी तथा जनपद पंचायत सीईओ संजय दुबे ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 6 राशन कार्ड वितरित किए गए, वहीं 40 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। श्रम विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को श्रम कार्ड प्रदान किए गए। जनसुनवाई के तहत प्राप्त 9 प्रकरणों का निराकरण किया गया तथा 506 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

राजस्व विभाग की ओर से नामांतरण के 4 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसके अलावा 5 लोगों को डिजिटल किसान बुक वितरित की गई।

जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के 3 प्रकरणों तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के 4 प्रकरणों का निपटारा किया गया। वहीं महतारी वंदन योजना से संबंधित 25 प्रकरणों का भी निराकरण किया गया।

शिविर में ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट