बलरामपुर

फॉरेंसिक मोबाइल वाहन का शुभारंभ
23-May-2026 10:56 PM
फॉरेंसिक मोबाइल वाहन का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 23 मई। जिले में शुक्रवार को सीन ऑफ क्राइम फॉरेंसिक मोबाइल वाहन का शुभारंभ किया गया। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन गृह पुलिस विभाग की पहल पर उपलब्ध कराए गए इस अत्याधुनिक वाहन का उद्देश्य सटीक जांच, त्वरित न्याय और सुरक्षित समाज की दिशा में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।

पुलिस लाइन बलरामपुर के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज ने वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर वाहन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक  वैभव बेंकर एवं वनमंडलाधिकारी  विवेकानंद झा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर फॉरेंसिक मोबाइल वाहन को रवाना किया गया।

पुलिस अधीक्षक  वैभव बेंकर ने कहा कि आधुनिक तकनीकों और उपकरणों से लैस यह वाहन घटनास्थल पर ही प्राथमिक वैज्ञानिक परीक्षण, साक्ष्य संरक्षण, डिजिटल डेटा अधिग्रहण, फिंगरप्रिंट विकास, नारकोटिक्स परीक्षण तथा वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य पैकेजिंग जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं को तत्काल पूरा करने में सक्षम होगा।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा से अपराध जांच की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा मामलों के शीघ्र निराकरण में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक  विमलेश कुमार देवांगन, मुख्यालय के समीपस्थ थाना एवं चौकी प्रभारी, विवेचकगण सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट