बलरामपुर

घर का ताला तोड़ चोरी, 2 बंदी
23-May-2026 10:55 PM
घर का ताला तोड़ चोरी, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 23 मई। राजपुर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नवापारा निवासी रेखा देवी चंद्रवंशी ने थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 मई को अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर का ताला तोडक़र चावल, तेल, कपड़े, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया था।

थाना राजपुर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर संदेहियों से पूछताछ एवं पतासाजी शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी रंजीत पाण्डेय उर्फ पाटिल तथा मंजित रामप्यारे राम दोनों निवासी राजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए चोरी गए सामान को बेचने एवं छिपाने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का चावल, सरसों तेल, बर्तन, कपड़े एवं अन्य सामान कुल लगभग 5 हजार रुपये मूल्य का बरामद किया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 331(1), 305(ए) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 22 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट