बलरामपुर

क्रशर प्लांट में हादसा में मजदूर की मौत, यूनिट सील
19-May-2026 9:56 PM
क्रशर प्लांट में हादसा में मजदूर  की मौत, यूनिट सील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,19 मई। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम भेलाई के एक क्रशर प्लांट में कार्य के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित क्रशर यूनिट को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया है।

जानकारी के अनुसार सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाराकोना निवासी 20 वर्षीय अलमोन व अन्य मजदूरों के साथ 5 मई से भेलाई स्थित सिंघल क्रशर प्लांट में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि 17 मई की दोपहर उसे कन्वेयर बेल्ट की सफाई का कार्य सौंपा गया था। इसी दौरान अचानक लोहे की भारी जाली उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने गैस कटर से जाली काटकर और जेसीबी की सहायता से उसे बाहर निकाला। एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल मजदूर को अन्य वाहन से अंबिकापुर स्थित होलीक्रॉस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर जिला प्रशासन की टीम, खनिज विभाग के अधिकारी तथा नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित क्रशर प्लांट को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया गया। वहीं जिला श्रम अधिकारी और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा श्रम एवं औद्योगिक सुरक्षा नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित क्रशर संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कहा है कि जिले में संचालित सभी औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट