बलरामपुर
राजपुर, 18 मई। बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र अंतर्गत भिलाई स्थित एक क्रशर प्लांट में रविवार को हुए हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बरियों क्षेत्र स्थित सिंघल क्रेशर प्लांट में रविवार दोपहर झरना की सफाई कराया जा रहा था। इसी दौरान वहां लगा करीब डेढ़ क्विंटल वजनी लोहे का कीप अचानक टूटकर बरगीडीह थाना लुण्ड्रा निवासी मजदूर अनमोल उरांव के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि घायल मजदूर को निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा। इसके बाद उसे निजी वाहन से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा रविवार दोपहर करीब 2 से 2.30 बजे के बीच हुआ। घटना के बाद क्रशर प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बरियों पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद क्षेत्र में क्रशर प्लांटों में नाबालिग मजदूरों से काम कराए जाने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई क्रशर प्लांटों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर नाबालिगों से मजदूरी कराई जा रही है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।


