बलरामपुर

नारद जयंती पर पत्रकार सम्मान समारोह, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर जोर
03-May-2026 10:33 PM
नारद जयंती पर पत्रकार सम्मान समारोह, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 3 मई। नारद जयंती के अवसर पर रामानुजगंज में जन चेतना कल्याण मंच एवं नई पहचान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि नारद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

समारोह में वरिष्ठ पत्रकार विकास अग्रवाल, प्रमोद मिश्रा, मनी पासवान और यशपाल दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व जन चेतना कल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे और नई पहचान फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष पवन पांडे ने किया।

वक्ताओं ने नारद जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि समाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। विकास दुबे ने कहा कि पत्रकारों का समय-समय पर सम्मान किया जाना चाहिए, जिससे वे निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित में कार्य करने के लिए प्रेरित हों। वहीं पवन पांडे ने कहा कि समाज के विकास में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे आयोजन पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के सदस्य अमित गुप्ता ने कहा कि पत्रकारों का सम्मान करना, समाज के प्रति सम्मान व्यक्त करने के समान है। इस मौके पर नगर में पत्रकार भवन निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। पवन पांडे ने बताया कि इस संबंध में शासन से मांग की जाएगी और इस मुद्दे को क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के समक्ष भी रखा जाएगा।

समारोह में विकाश केसरी, मनोज तिवारी, रवीश अग्रवाल, नंद कुशवाहा, सुनील ठाकुर, उज्जवल तिवारी, विष्णु पांडे, अनिल गुप्ता, पीयूष गुप्ता, अर्पित तिवारी और रागिब खान सहित अनेक पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पवन पांडे तथा आभार प्रदर्शन अमित गुप्ता ने किया।


अन्य पोस्ट