बलरामपुर
बलरामपुर, 2 मई। जिले के ग्राम डूमरखी में शनिवार सुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब सरपंच के कुएं में एक महिला का शव तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान डूमरखी के पुरान पारा निवासी लखपतिया (50 वर्ष), पति सूदन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला गुरुवार से अपने घर से लापता थी। परिजन उसकी तलाश में लगातार जुटे हुए थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने सरपंच के कुएं में शव तैरता हुआ देखा, तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


