बलरामपुर
जल संरक्षण के साथ बढ़ी सिंचाई सुविधा, खेती और आय में हुआ इजाफा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 2 मई। जल संरक्षण को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनरेगा योजना के तहत जनपद पंचायत राजपुर के ग्राम पंचायत परती के मुड़धोवा नाला में चेकडेम का निर्माण किया गया है। इस कार्य से क्षेत्र के किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयन तारा सिंह तोमर के निर्देश पर ग्रामीणों के सहयोग से यह निर्माण कार्य कराया गया। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत लगभग 19.44 लाख रुपये की लागत से इस चेकडेम का निर्माण 14 फरवरी से प्रारंभ किया गया था।
चेकडेम बनने से क्षेत्र के करीब 25 से 30 किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो रही है। अब किसान पारंपरिक फसलों जैसे मक्का, सरसों, धान, अरहर और उड़द के साथ-साथ परवल, भिंडी, बरबटी, मटर, लौकी, तरबूज और बैंगन जैसी सब्जियों की खेती भी कर रहे हैं। इससे खेती का दायरा बढ़ा है और किसानों की आय में भी वृद्धि हो रही है।
इस योजना से कमला, जगेशर, आनंद, मनोज, केन्द्रा, फुलचंद सहित अन्य किसान लाभान्वित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास और जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।


